कानपुर देहात। आगामी गंगा दशहरा मेला एवं बकरीद पर्व को सकुशल सम्पन्न कराने तथा शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कानपुर देहात पुलिस द्वारा विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक आलोक प्रसाद के पर्यवेक्षण में थाना भोगनीपुर क्षेत्र के कस्बा पुखरायां, भोगनीपुर एवं अमरौधा में पुलिस बल और पीएसी के साथ पैदल गश्त की गई।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी भोगनीपुर राजीव सिरोही एवं थाना प्रभारी सतीश कुमार सिंह सहित पुलिस अधिकारियों ने संवेदनशील स्थानों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग की गई।
पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद स्थापित कर पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। पुलिस टीम ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सतर्क निगरानी रखी जा रही है।













