कानपुर देहात। सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन को लेकर कानपुर देहात पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक यातायात उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश एवं श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में संचालित किया गया।
अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में क्षेत्राधिकारीगण एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीमों ने रात 8 बजे से 11 बजे तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर ब्रीथ एनालाइजर से चालकों की जांच की गई।
विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 355 वाहनों का चालान किया गया तथा उल्लंघनकर्ताओं से कुल ₹32 लाख 10 हजार का शमन शुल्क वसूला गया। वहीं शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।













