झीझक कानपुर देहात। थाना क्षेत्र के किशौरा गांव में खेतो की रखवाली कर रहे किसान पर आवारा सांड ने हमला कर गम्भीर रूप से घायल कर दिया।घायल किसान को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र झींझक मे भर्ती कराया।फिलहाल महिला की हालत चिंता जनक बनी हुई है।घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने आवारा मवेशियों को घेर कर पंचायत घर में बंद कर विरोध प्रदर्शन किया।
मिली जानकारी के मुताबिक, विकास खंड झींझक क्षेत्र की ग्राम पंचायत किशौरा गांव निवासी 54 वर्षीय शिवकांत पुत्र बाबूलाल प्रजापति के पास लगभग एक बीघा जमीन है।जिसमे किसान ने उर्द की फसल बो रखी थी। ग्रामीणों ने बताया कि गुरुवार रात करीब 9:30 बजे वह अपने खेत की रखवाली कर रहे थे। खेत को नुकसान पहुंचा रहे एक आवारा सांड को भगाने के दौरान सांड ने उन पर हमला कर दिया।सांड ने किसान को दौड़ाकर सींग मारकर लहूलुहान कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें बचाया। ग्रामीणों की मदद से परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झींझक ले गए। सीएचसी में चिकित्सकों ने किसान की गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बाद में परिजनों ने घायल शिवकांत को कानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना के संबंध में परिजनों ने हेल्पलाइन नंबर 1076 पर शिकायत दर्ज कराई और ग्राम पंचायत सचिव को भी अवगत कराया।शुक्रवार शाम तक कोई कार्रवाई न होने पर शनिवार सुबह ग्रामीणों ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने गांव में घूम रहे करीब दो दर्जन से अधिक आवारा मवेशियों को खदेड़कर गांव के पंचायत घर में बंद कर दिया। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों को बुलाकर उचित कार्रवाई करने की मांग करते हुए हंगामा किया।









