स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, शहरी सुविधाओं के विस्तार और आमजन को राहत देने वाले कार्यों को मिली प्राथमिकता
जालौन – विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में प्रधानमंत्री खनिज कल्याण क्षेत्र योजना के तहत (डीएमएफ) न्यास की बैठक में जनपद के विकास को जमीनी स्तर पर तेज करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई सांसद नारायण दास अहिरवार, विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन, विधायक माधौगढ़ मूलचंद निरंजन आदि जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।
डीएमएफ निधि का उपयोग अब सीधे जनसुविधाओं और आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने वाले कार्यों पर केंद्रित किया जा रहा है। विशेष रूप से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने और शहर व कस्बों की आधारभूत व्यवस्थाओं को मजबूत करने वाले प्रस्तावों को अनुमोदित किया। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि डीएमएफ निधि का उपयोग सीधे जनता से जुड़े कार्यों पर किया जाए और सभी स्वीकृत कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। जनपद में खनन प्रभावित क्षेत्र में सड़क व नाली निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति दी गई। इसमें इंटरलॉकिंग सड़क एवं ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया, जिससे शहरी, ग्रामीण कस्बा क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा और जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। जिला चिकित्सालय उरई में डामर रोड एवं टीन शेड निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई, जिससे मरीजों व तीमारदारों को बेहतर आवागमन व सुविधा मिल सके।जिला महिला चिकित्सालय में 125 केवीए के 3 फेज जनरेटर की व्यवस्था का प्रस्ताव रखा गया, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होने पर भी स्वास्थ्य सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रह सकें—यह कदम महिला स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाएगा। जिला अस्पताल में भीषण गर्मी से राहत हेतु पंडाल, एसी, एयर कूलर, वाटर कूलर जैसी व्यवस्थाओं के लिए डीएमएफ से धनराशि उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। इससे मरीजों व उनके परिजनों को बड़ी राहत मिलेगी। जिला चिकित्सालय उरई में मरीजों और तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पहुंच मार्ग के सुदृढ़ीकरण और टीन शेड निर्माण जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी गई, ताकि अस्पताल में किसी भी मौसम में आने-जाने वालों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही जिला महिला चिकित्सालय में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी सेवाएं निर्बाध रूप से चलती रहें, इसके लिए उच्च क्षमता वाले जनरेटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। ग्राम डेकोर तहसील उरई में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड के किनारे डंपिंग यार्ड का निर्माण कार्य लागत 161.99 लाख से कराया जाएगा। हाईटेक नर्सरी बुधपुरा में विद्युत कनेक्शन अनुमोदित किया गया जिससे किसानों को लाभ होगा। खान अधिकारी जे बताया गया कि जनपद में डीएमएफ के माध्यम से बड़ी संख्या में विकास कार्य संचालित हैं, जिनमें अधिकांश पूर्ण हो चुके हैं और शेष कार्यों को तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, खान अधिकारी सन्नी कौशल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।











