कानपुर देहात। जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना देवराहट पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।
दिनांक 30 अप्रैल 2026 को थाना देवराहट पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति, वाहन एवं वस्तुओं की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जल्लापुर चौराहे से ग्राम प्रेमपुर की ओर लगभग 200 मीटर आगे एक संदिग्ध ट्रक कंटेनर दिखाई दिया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर चालक ने वाहन रोक दिया, लेकिन दोनों सवार व्यक्ति घबराए हुए नजर आए।
संदेह होने पर पुलिस ने दोनों को नीचे उतारकर पूछताछ व तलाशी ली। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम आले नवी (24 वर्ष) निवासी नीवरी थाना रोरावर जनपद अलीगढ़ तथा तौसीफ (42 वर्ष) निवासी जाकिर कॉलोनी थाना विजयनगर जनपद मेरठ बताया। ट्रक कंटेनर (HR 38AF8928) की तलाशी लेने पर उसमें से कुल 48 किलो 470 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई गई है।
बरामदगी के आधार पर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना देवराहट में मु0अ0सं0 13/2026 धारा 08/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त ट्रक कंटेनर को सीज कर दिया गया है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे उड़ीसा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर लाते थे और अपने क्षेत्र में महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। पुलिस ने दोनों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।









