सटीक जनगणना की मजबूत तैयारी, डीएम ने खुद कक्षा में बैठकर परखा प्रशिक्षण

 

गांधी इंटर कॉलेज में प्रगणकों को दिया व्यावहारिक मार्गदर्शन, 5 मई तक चलेगा प्रशिक्षण अभियान

जालौन भारत की जनगणना 2027 को सफल, सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए जनपद में प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने गांधी इंटर कॉलेज में चल रहे प्रगणक एवं पर्यवेक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम का स्थलीय निरीक्षण किया और स्वयं कक्षा में बैठकर प्रशिक्षण की गुणवत्ता का गहन अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से सीधे संवाद कर उन्हें जनगणना कार्य की महत्ता समझाई और कहा कि यह केवल आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश की योजनाओं और विकास की नींव तैयार करने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए प्रत्येक बिंदु को व्यवहारिक रूप में समझा जाए, ताकि फील्ड कार्य के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो।जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के अंतर्गत यह प्रशिक्षण 20 अप्रैल 2026 से प्रारंभ होकर 5 मई 2026 तक जनपद की सभी तहसीलों एवं नगर निकायों में संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक बैच में लगभग 45 से 50 प्रगणक एवं पर्यवेक्षक भाग ले रहे हैं, जिन्हें तीन दिवसीय अनिवार्य प्रशिक्षण दिया जा रहा है।प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना के डिजिटल स्वरूप, मोबाइल एप आधारित डेटा संग्रहण, मकानों की सूचीकरण प्रक्रिया एवं फील्ड में अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है। यह भी बताया गया कि फील्ड कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक निर्धारित किया गया है, जिसके लिए प्रशिक्षित कार्मिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। जनगणना मैनुअल के अनुसार यह प्रक्रिया देश के सामाजिक, आर्थिक और आवासीय ढांचे की सटीक तस्वीर प्रस्तुत करती है, जिससे सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन संभव हो पाता है । निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ट्रेनरों द्वारा दी जा रही प्रशिक्षण सामग्री, प्रतिभागियों की सहभागिता तथा कक्षा के वातावरण का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दास्त नहीं जाएगी और सभी कार्मिकों को निर्धारित समयसीमा में शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण करना होगा।
इस अवसर पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नेहा ब्याडवाल, अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील आदि अधिकारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में प्रगणक एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे,

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें