कानपुर देहात। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, कानपुर देहात द्वारा अवगत कराया गया है कि खंड शिक्षा अधिकारी रसूलाबाद एवं झींझक से प्राप्त आख्या के अनुसार संबंधित विकासखंडों में संचालित अमान्य विद्यालयों को पूर्व में विद्यालय संचालन बंद करने हेतु नोटिस जारी किए गए थे। इसके बावजूद विद्यालय संचालकों/प्रबंधकों द्वारा विभागीय निर्देशों की अवहेलना करते हुए विद्यालयों का संचालन जारी रखा गया। नोटिस के उपरांत भी संबंधित विद्यालय प्रबंधकों द्वारा अपना पक्ष/स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया।
उक्त प्रकरण में शासनादेश तथा निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम-2009 में निहित प्रावधानों के तहत विकासखंड रसूलाबाद के 09 एवं विकासखंड झींझक के 08, कुल 17 अमान्य विद्यालयों के विरुद्ध प्रति विद्यालय एक लाख रुपये की दर से अर्थदंड/जुर्माना आरोपित करते हुए वसूली के आदेश जारी किए गए हैं।
अर्थदंड से आच्छादित विद्यालयों में विकासखंड रसूलाबाद के ग्लोबल पब्लिक स्कूल असालतगंज, एमएस पब्लिक स्कूल कहिंजरी, भजन लाल रामेश्वरी देवी हायर सेकेंडरी स्कूल उसरी, टावन मर्चेंट स्कूल कानपुर रोड रसूलाबाद, एसडी एजुकेशन सेंटर रसूलाबाद, हरिओम बाल विद्यालय उसरी रसूलाबाद, पुरन लाल सरस्वती विद्या मंदिर उसरी रसूलाबाद, जीडी गौइका पब्लिक स्कूल नैला तथा पुत्तीलाल फूलमती फलमत्ती पब्लिक स्कूल शामिल हैं। इसी प्रकार विकासखंड झींझक के सी के पब्लिक स्कूल स्टेशन रोड, ईडीवीडी पब्लिक स्कूल तेजपुर मुबारकपुर, सेंट बैली पब्लिक स्कूल, आदर्श पब्लिक स्कूल जिनई , ख्वाजा एजुकेशनल सोसाइटी, तारावती इंटर कॉलेज तेजपुर , एबीएस नवोदय विद्यालय एवं एसएसपी विद्या मंदिर द्वारिकागंज शामिल हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में बिना मान्यता अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत विद्यालयों का संचालन किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। शासन एवं विभागीय निर्देशों का उल्लंघन करने वाले विद्यालय संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Author: Jansan Desh 24















