कानपुर देहात। किसानों को निर्धारित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला कृषि अधिकारी ने साधन सहकारी समिति कैलई, बरौर स्थित कॉमन सर्विस सेंटर सहित विभिन्न उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान साधन सहकारी समिति कैलई में सचिव उपस्थित मिले, लेकिन स्टॉक बोर्ड और स्टॉक रजिस्टर अपडेट नहीं पाए गए। इस पर समिति को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया तथा तीन उर्वरक नमूने लिए गए।
वहीं बरौर स्थित कॉमन सर्विस सेंटर का निरीक्षण करने पर रेट बोर्ड और स्टॉक बोर्ड अपडेट मिले। यहां से भी तीन नमूने लिए गए तथा मौके पर मौजूद किसानों को खाद का वितरण कराया गया।
इसके अलावा अवस्थी खाद भंडार और दिगपाल खाद भंडार निरीक्षण के दौरान बंद मिले। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों के निलंबन की संस्तुति की गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक विकास अधिकारी कृषि और सहकारिता की टीमें भी लगातार औचक निरीक्षण कर रही हैं। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि जनपद में उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। किसानों को खाद के लिए परेशान होने की आवश्यकता नहीं उर्वरक विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि स्टॉक और रेट बोर्ड अपडेट रखें तथा आधार और खतौनी के अनुसार पॉस मशीन के माध्यम से निर्धारित मानकों के अनुरूप ही खाद का वितरण करें।
किसानों को किसी भी समस्या के समाधान के लिए जिला कृषि अधिकारी कार्यालय के कंट्रोल रूम नंबर 7839882512 तथा सहकारी समितियों से संबंधित शिकायत के लिए 9084110495 पर संपर्क करने की अपील की गई है।है।
Author: Jansan Desh 24















