मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं संशोधन का मिलेगा अवसर
मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ
युवाओं, महिलाओं एवं छूटे हुए पात्र नागरिकों से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री कपिल सिंह ने जनपदवासियों से की मतदाता सूची में अपना नाम जांचने की अपील
कानपुर देहात। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात के समस्त मतदेय स्थलों पर 29 नवम्बर (रविवार), 2026 को भी विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह ने बताया कि अभियान दिवस पर सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर मतदाताओं को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराएंगे। इस दौरान नागरिक आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम एवं अन्य विवरण जांच सकेंगे तथा नाम दर्ज कराने, संशोधन एवं नाम विलोपन से संबंधित आवेदन भी प्रस्तुत कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-6, नाम विलोपन के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन अथवा निवास परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरकर आवेदन किया जा सकता है। नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदेय स्थल पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था रहेगी। इसके अतिरिक्त हेल्पलाइन नंबर 1950 के माध्यम से भी आवश्यक जानकारी एवं सहायता प्राप्त की जा सकती है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं तथा ऐसे सभी पात्र नागरिकों से अभियान में सहभागिता करने की अपील की है, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो सका है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति, पर्याप्त संख्या में आवेदन फॉर्मों की उपलब्धता एवं हेल्प डेस्क का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह ने जनपद के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे 29 नवम्बर को अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना एवं अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण कराएं तथा आवश्यकतानुसार फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 के माध्यम से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। अतः सभी नागरिक स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार एवं आसपास के पात्र युवाओं और महिलाओं को भी इस अभियान से जोड़ें, जिससे मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाया जा सके।
Author: Jansan Desh 24















