60 हजार रुपये नकद और बिना नंबर की बाइक भी बरामद, सिकंदरा की चोरी का भी हुआ खुलासा
शिवली, कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने झपटमारी की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीरज और सोनू निवासी डेरा थाना मंगलपुर के रूप में हुई है। दोनों ने 26 नवंबर को सिंहपुर गांव के बाहर खेत के पास एक महिला जय देवी के कान से सोने के झाले झपट लिए थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पीली धातु के झाले, 60 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने सिकंदरा थाना क्षेत्र के मुंगीसापुर पशु बाजार में ऑटो में बैठे एक व्यक्ति की जेब से 60 हजार रुपये चोरी करने की बात भी कबूल की।
शिवली पुलिस ने दोनों आरोपियों को ग्राम कुर्मी निवादा पुलिया के पास चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस ने संबंधित मुकदमों में आवश्यक धाराएं बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी सहित शिवली पुलिस टीम शामिल रही।
Author: Jansan Desh 24















