शिवपाल सिंह यादव की हाजी अकील खां से बंद कमरे में अहम मुलाकात, कानपुर देहात की चारों विधानसभा सीटों का लिया राजनीतिक फीडबैक

पुखरायां, कानपुर देहात। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने कानपुर देहात दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव एवं वरिष्ठ सपा नेता हाजी अकील खां से विशेष मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में संगठनात्मक एवं राजनीतिक विषयों पर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। शिवपाल सिंह यादव ने भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र की राजनीतिक परिस्थितियों और पार्टी संगठन की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी ली।

मुलाकात के दौरान हाजी अकील खां ने भोगनीपुर विधानसभा सहित जनपद कानपुर देहात की चारों विधानसभा सीटों की राजनीतिक स्थिति, संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी चुनाव को लेकर जमीनी हालात से राष्ट्रीय महासचिव को अवगत कराया। माना जा रहा है कि इस मुलाकात में आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन को मजबूत करने के विषय पर भी चर्चा हुई।

राजनीतिक गलियारों में हाजी अकील खां को शिवपाल सिंह यादव का बेहद करीबी और भरोसेमंद नेता माना जाता है। जनपद कानपुर देहात में समाजवादी पार्टी के संगठनात्मक और राजनीतिक समीकरणों को लेकर उनकी राय को भी महत्वपूर्ण माना जाता है। यही वजह है कि जिले की राजनीतिक गतिविधियों और संगठन से जुड़े विषयों पर उनकी सहमति एवं सुझाव को विशेष महत्व दिया जाता है।

गौरतलब है कि हाल ही में हाजी अकील खां के पुत्र दानिश एक दुर्घटना में घायल हो गए थे, जिसके बाद शिवपाल सिंह यादव स्वयं उनके घर पहुंचकर हालचाल लेने गए थे। उन्होंने दानिश के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उन्हें आशीर्वाद भी दिया था। इस मुलाकात के दौरान भी उन्होंने दानिश के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और हर कदम पर सहयोग का भरोसा दिलाया।

शिवपाल सिंह यादव और हाजी अकील खां की इस मुलाकात को कानपुर देहात की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें