सात साल से बदहाल संपर्क मार्ग, जलभराव और गंदगी से जूझ रहे सिखमापुर के ग्रामीण, फाइलेरिया अभियान पर भी उठे सवाल

कानपुर देहात। अमरौधा ब्लॉक के ग्राम सिखमापुर में पिछले लगभग सात वर्षों से संपर्क मार्ग की हालत बेहद खराब बनी हुई है। ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद आज तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि शासन-प्रशासन की अनदेखी के चलते पूरा गांव नारकीय जीवन जीने को मजबूर है।

ग्रामीण प्रेम सिंह यादव (सेवक) ने बताया कि गांव का यह संपर्क मार्ग किसान सेवा आश्रम के पास बाईपास से जुड़ा हुआ है, जो सीधे नोनापुर, प्रेमपुर, बरौली और घाटमपुर सहित कई क्षेत्रों के संपर्क मार्गों को जोड़ता है। इसके अलावा यह मार्ग गांव के किसानों के लिए खेती-किसानी और रोजमर्रा के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। बावजूद इसके करीब सात वर्षों से सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है।

उन्होंने बताया कि गांव में प्रवेश करते ही सड़क पर साल के 12 महीने जलभराव बना रहता है। इसका प्रमुख कारण गांव का तालाब है, जो मलबे से पूरी तरह पट चुका है। वहीं गांव के अंतिम छोर पर रास्ते में अतिक्रमण होने के कारण करीब सात वर्ष पहले प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटवाया गया था, लेकिन इसके बाद सड़क और नालियों का निर्माण नहीं कराया गया। परिणामस्वरूप घरों का रोजमर्रा का गंदा पानी सड़क पर ही जमा रहता है।

फाइलेरिया अभियान पर भी उठे सवाल

ग्रामीणों ने ब्लॉक स्तर पर सफाई व्यवस्था की अनदेखी को लेकर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि सरकार द्वारा फाइलेरिया उन्मूलन के लिए विभिन्न कार्यक्रम और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, लेकिन गांव में नियमित सफाई न होने से जगह-जगह गंदगी और जलभराव बना हुआ है। इससे मच्छरों के पनपने का खतरा बढ़ रहा है और मच्छर जनित बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में सरकार के फाइलेरिया नियंत्रण कार्यक्रमों के उद्देश्यों पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि सिखमापुर पहले मीरपुर पुखरायां में शामिल था, लेकिन इस वर्ष इसे अलग कर दिया गया। उनका यह भी कहना है कि पुखरायां से चार-पांच किलोमीटर दूर स्थित कई गांव नगर पालिका में शामिल कर लिए गए, जबकि पुखरायां के नजदीक होने के बावजूद सिखमापुर को नगर पालिका में शामिल नहीं किया गया।

प्रेम सिंह यादव (सेवक) ने शासन-प्रशासन से लगाई गुहार

प्रेम सिंह यादव (सेवक) ने जिला प्रशासन, ब्लॉक प्रशासन एवं संबंधित विभागों से मांग की है कि गांव के संपर्क मार्ग का शीघ्र निर्माण कराया जाए, जलनिकासी के लिए नालियों की व्यवस्था की जाए, तालाब की सफाई कराई जाए तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को सात वर्षों से चली आ रही इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके।

अब देखना यह है कि ग्रामीणों की इस समस्या पर जिम्मेदार अधिकारी कब संज्ञान लेते हैं और सिखमापुर के लोगों को बदहाल सड़क, जलभराव और गंदगी से कब राहत मिलती है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें