कानपुर देहात। जनपद के मालासा विकासखंड अंतर्गत जरसेन गांव में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में करीब पांच वर्ष पहले पानी की टंकी का निर्माण कराया गया था, लेकिन आज तक उससे एक बूंद भी पानी की सप्लाई शुरू नहीं हो सकी।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कोई सरकारी हैंडपंप भी चालू नहीं है, जिसके कारण उन्हें पीने के पानी के लिए कई किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन कागजों में ही कार्रवाई पूरी कर दी गई, जबकि धरातल पर स्थिति जस की तस बनी हुई है। गांव के लोगों का कहना है कि करोड़ों की योजनाओं के बावजूद उन्हें आज भी मूलभूत सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर बंद पड़ी पानी की टंकी को तत्काल चालू कराया जाए, गांव में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।














