सरवनखेड़ा (कानपुर देहात)। सरवनखेड़ा विकासखंड क्षेत्र के ग्राम नंदपुर में विकास कार्यों के अभाव को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में आज तक पक्का मार्ग नहीं बन पाया है, जिससे बरसात के दिनों में आवागमन बेहद कठिन हो जाता है। इसके अलावा कई जरूरतमंद परिवार अभी भी सरकारी शौचालय और आवास (कॉलोनी) जैसी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। गांव में पेयजल की समस्या भी गंभीर बनी हुई है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार उपेक्षा से नाराज ग्रामीणों ने जल्द से जल्द गांव की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र ही आवश्यक विकास कार्य नहीं कराए गए, तो वे लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि ग्राम नंदपुर का सर्वे कराकर पक्की सड़क, पेयजल, शौचालय और आवास जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि गांव के लोगों को राहत मिल सके।














