कानपुर देहात। जनपद कानपुर देहात में 19 नवंबर से 07 दिसंबर 2026 तक संचालित होने वाले फाइलेरिया उन्मूलन अभियान (एमडीए) को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन एवं सहयोगी संस्थाओं द्वारा अभियान को सफल बनाने हेतु निरंतर सहयोग किया जा रहा है। अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समीक्षा, विद्यालय जागरूकता रैली एवं कोटेदार ओरिएंटेशन आयोजित किए गए।
राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय टीम ने CHC अकबरपुर का भ्रमण कर ब्लॉक प्रोफाइल डॉक्यूमेंटेशन, माइक्रोप्लान, अभियान की तैयारियों, सामुदायिक सहभागिता एवं दवा सेवन सुनिश्चित करने की रणनीति का अवलोकन किया। टीम में डॉ. माणिक (BMGF), डॉ. सिद्धार्थ (Program Officer, PATH), रणपाल (Associate Director, PCI), प्रसून द्विवेदी (State Program Officer, CFAR), डॉ. राहुल (Zonal Coordinator, WHO), डॉ. डी.के. सिंह (नोडल BVD एवं डिप्टी CMO), मारुति दीक्षित (DMO), डॉ. शिवम (Medical Officer, CHC Akbarpur) सहित सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि, DC एवं DO उपस्थित रहे। समीक्षा में तैयारियों एवं दस्तावेजीकरण को संतोषजनक पाया गया।
इसी क्रम में अकबरपुर इंटर कॉलेज में डिप्टी CMO डॉ. डी.के. सिंह के नेतृत्व में फाइलेरिया जागरूकता रैली आयोजित की गई, जिसमें 1,370 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों को फाइलेरिया के लक्षण, बचाव, दवा सेवन के महत्व एवं समुदाय तक जागरूकता संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं ब्लॉक राजपुर के तहसील सभागार, सिकंदरा में एसडीएम रिदम आनंद के निर्देशन एवं क्षेत्रीय खाद्य एवं रसद अधिकारी अमोल सिंह चौहान के नेतृत्व में 65 कोटेदारों का ओरिएंटेशन आयोजित हुआ। PCI के SMC निर्मल कुमार ने समुदाय में कोटेदारों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। सभी कोटेदारों ने राशन दुकानों पर पोस्टर-बैनर लगाने, राशन वितरण के दौरान लोगों को जागरूक करने तथा स्वास्थ्य कर्मियों के सामने दवा सेवन के लिए प्रेरित करने की शपथ ली। डी.ए. टीम, स्टेक होल्डर, पीएसपी सदस्यों, ग्राम प्रधानों द्वारा पंचायत भवन एवं राशन दुकानों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों तथा समुदाय स्तर पर स्वयं फाइलेरिया रोधी दवा सेवन कर अभियान का शुभारंभ करने पर भी सहमति बनी।
स्वास्थ्य विभाग एवं सहयोगी संस्थाओं द्वारा जनसहभागिता के माध्यम से फाइलेरिया मुक्त जनपद के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।













