आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें अधिकारी

 

असंतुष्ट फीडबैक के मामलों को गंभीरता से लेते हुए शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर कराएं समस्याओं का समाधान

 

कानपुर देहात। जिलाधिकारी  कपिल सिंह के निर्देशों के क्रम में आज कलेक्ट्रेट स्थित मां मुक्तेश्वरी देवी सभागार में आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारियों द्वारा प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रगति, असंतुष्ट फीडबैक, लंबित प्रकरणों तथा शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी विभाग में कोई भी प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। शिकायतों के निस्तारण के उपरांत अपलोड की जाने वाली आख्या स्पष्ट, तथ्यपरक एवं साक्ष्य आधारित होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान किया जाए। प्रत्येक प्रकरण में संबंधित अधिकारी अथवा कर्मचारी शिकायतकर्ता से दूरभाष पर वार्ता कर उसकी समस्या को समझें तथा निस्तारण के उपरांत संतुष्टि का फीडबैक भी प्राप्त करें।
बैठक में शिकायतों के निस्तारण के बाद प्राप्त असंतुष्ट फीडबैक के मामलों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए। साथ ही जहां आवश्यक हो, संबंधित अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण एवं सत्यापन करें तथा जांच के आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस पोर्टल की नियमित निगरानी करें, लंबित एवं डिफॉल्टर प्रकरणों को प्राथमिकता से निस्तारित करें तथा शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की शिकायतों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर जय गोविंद, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें