कानपुर देहात के चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 1659 मतदेय स्थलों पर प्रकाशित हुई आलेख्य मतदाता सूची, नागरिक अपने नाम की अवश्य करें जांच
17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक प्राप्त किए जाएंगे दावे एवं आपत्तियां, विशेष अभियान दिवसों पर भी बूथों पर जमा कर सकते हैं आवेदन
कानपुर देहात। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 17 नवंबर 2026 को जनपद कानपुर देहात के चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 1659 मतदेय स्थलों पर आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी कपिल सिंह ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज है।
उन्होंने बताया कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने हेतु आवेदन कर सकता है। किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता अथवा अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए फॉर्म-8 भरकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके अतिरिक्त 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों भी नागरिक अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर आवश्यक प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि लोकतंत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में अपने नाम एवं विवरणों की जांच अवश्य करें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि अथवा छूट की स्थिति में निर्धारित अवधि के भीतर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।














