कानपुर देहात। मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं कानूनों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कार्यालय संयुक्त निदेशक अभियोजन, कानपुर देहात (कलेक्ट्रेट परिसर) में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं से संबंधित अपराधों के नवीन कानूनी प्रावधानों, विशाखा गाइडलाइंस, पॉक्सो अधिनियम तथा साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का आयोजन अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) दिग्विजय सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक अभियोजन कुशल पाल सिंह ने महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों से संबंधित नवीन कानूनों तथा राज्य सरकार द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने और योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के महत्व पर प्रकाश डाला।
ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी एवं मिशन शक्ति फेज-6.0 के नोडल अधिकारी अविनाश चन्द्र चतुर्वेदी ने महिलाओं के विरुद्ध होने वाले साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी तथा डिजिटल माध्यमों से होने वाले अपराधों के संबंध में जानकारी देते हुए उनसे बचाव के आवश्यक उपाय बताए। उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, अपनी व्यक्तिगत एवं गोपनीय जानकारी सुरक्षित रखने तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि के प्रति सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अभियोजन अधिकारी मंजू प्रताप ने पॉक्सो अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के बारे में जानकारी देते हुए बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करने तथा ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया के संबंध में बताया। उन्होंने महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों के प्रति जागरूकता को समाज के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) दिग्विजय सिंह ने महिला संबंधी मामलों में संवेदनशीलता, तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों का समन्वित प्रयास आवश्यक है। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अभियोजन अधिकारी राजेश कुमार, मो० नजमुद्दीन कादरी, अभिराम गौतम एवं पुष्पा रावत सहित कार्यालय के समस्त कर्मचारी तथा महिला पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।












