कानपुर देहात। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और बस यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने रोडवेज व स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। यह कार्रवाई इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों और उत्तर प्रदेश यातायात निदेशालय के आदेशों के अनुपालन में की गई।
अभियान के दौरान कानपुर देहात में संचालित होने वाली और दूसरे जनपदों से आने वाली स्लीपर बसों की सघन जांच की गई। पुलिस ने बसों में यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े निर्धारित मानकों का परीक्षण किया। इसमें अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और उनकी स्थिति, उन्नत चालक सहायता प्रणाली (एडीएएस), चालक और परिचालक के लाइसेंस तथा चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की गई।
इसके साथ ही बसों में आपातकालीन द्वार की उपलब्धता और उसकी कार्यशीलता भी परखी गई। बसों में किसी संदिग्ध या ज्वलनशील वस्तु की मौजूदगी की जांच करने के साथ यात्रियों से आपातकालीन द्वार और संकट के समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जानकारी ली गई।
चेकिंग के दौरान सुरक्षा मानकों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। इसके लिए स्लीपर बसों और अन्य यात्री वाहनों की नियमित रूप से रात्रिकालीन चेकिंग की जाएगी और विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।












