राहगीरों को पुड़िया बनाकर बेचने का आरोप, पूछताछ में 10 माह पहले चरस खरीदने की बात बताई
कानपुर देहात। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रूरा पुलिस ने 700 ग्राम अवैध चरस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अनुमानित कीमत करीब 1.40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने हसनापुर रोड की ओर जाने वाली सड़क के किनारे से शिवा सैनी (20 वर्ष) पुत्र रामशंकर सैनी, निवासी ग्राम सरगांव, थाना रूरा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 700 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने करीब 10 माह पहले भटौली निवासी मिथलेश बाजपेई से चरस खरीदी थी। आरोपी के मुताबिक, वह चरस की पुड़िया बनाकर कस्बा रूरा में आने-जाने वाले राहगीरों को बेचता था। पुलिस के अनुसार, मिथलेश बाजपेई वर्तमान में चरस के एक मामले में तिहाड़ जेल में बंद है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रूरा में मुकदमा अपराध संख्या 312/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।v












