सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 43 किसानों को सरसों की मिनीकिट वितरित, 30 किसानों को सम्मान निधि की 23 किस्तें मिलने पर प्रमाण-पत्र देकर किया गया सम्मानित

 

कानपुर देहात। शासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी कपिल सिंह के मार्गदर्शन में संचालित सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत विकास खण्ड अकबरपुर में कृषि विभाग द्वारा कृषक जागरूकता एवं लाभ वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 43 पंजीकृत किसानों को सरसों की मिनीकिट निःशुल्क वितरित की गई, जबकि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की लगातार 23 किस्तें प्राप्त करने वाले 30 कृषकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि बउआ पांडेय रहे। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश कुमार अग्निहोत्री की उपस्थिति में कृषकों को कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडेय ने कृषकों को बताया कि वर्तमान समय में रबी फसलों की बुवाई के लिए राजकीय कृषि बीज भंडारों पर विभिन्न फसलों के बीज निःशुल्क एवं अनुदान पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से अपनी आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार बीज प्राप्त कर समय से बुवाई करने तथा कृषि विभाग की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने कृषि यंत्रों पर मिलने वाले अनुदान की जानकारी देते हुए बताया कि कृषि यंत्रों के लिए बुकिंग की प्रक्रिया संचालित है। इच्छुक पंजीकृत किसान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दिनांक 20 अक्टूबर 2026 तक कृषि यंत्रों के लिए बुकिंग कराकर अनुदान का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सरकारी योजनाओं के लाभ, उन्नत कृषि तकनीकों तथा कृषि उत्पादन बढ़ाने के उपायों के संबंध में जानकारी प्रदान की। सरसों की मिनीकिट वितरण का उद्देश्य किसानों को तिलहनी फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित करना तथा फसल उत्पादन में वृद्धि के साथ उनकी आय बढ़ाने में सहयोग करना रहा।
कार्यक्रम का सफल संचालन एडीओ (कृषि) प्रवीर सिंह सेंगर ने किया। अंत में मुख्य अतिथि बउआ पांडेय ने जनसमुदाय से अपील की कि अधिक से अधिक पात्र लाभार्थी शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने कृषि विभाग द्वारा पारदर्शी तरीके से पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयासों की सराहना करते हुए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष शिवा पांडेय, खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार, कृषि विशेषज्ञ अमर सिंह पाल, एडीओ (कृषि) प्रवीर सिंह सेंगर, विषय वस्तु विशेषज्ञ ब्रजेन्द्र सिंह, एडीओ (ग्राम्य विकास) हरीश कुमार राठौर, पूर्ति निरीक्षक गौरव राजपूत, बीज भंडार प्रभारी जयवीर सिंह सहित कृषि विभाग के समस्त कार्मिक उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें