दशहरा-दीपावली को लेकर पटाखा दुकानों की जांच, सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश

कानपुर देहात। आगामी दशहरा और दीपावली पर्व के मद्देनजर पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने रसूलाबाद और शिवली क्षेत्र में पटाखा दुकानों और भंडारण स्थलों की जांच की। इस दौरान लाइसेंस, अग्निशमन उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर दुकानदारों को निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद के आदेश और पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान में क्षेत्राधिकारी रसूलाबाद एवं यातायात विनय कुमार सिंह तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव ने टीम के साथ दुकानों और पटाखा भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पटाखा भंडारण लाइसेंस, अग्निशमन उपकरणों और अन्य सुरक्षा इंतजामों को परखा गया। अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार पटाखों का सुरक्षित भंडारण और बिक्री करने के निर्देश दिए। साथ ही आग लगने जैसी आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी भी दी गई।
आमजन को जागरूक करने के लिए सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए। अभियान के दौरान रसूलाबाद और शिवली के प्रभारी निरीक्षक सहित पुलिस एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जांच एवं जागरूकता अभियान जारी रहेगा।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें