कानपुर देहात। थाना शिवली क्षेत्र के जुरावरपुर गांव में लाठी-डंडों से पीटकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, 4 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे जुरावरपुर निवासी रामसनेही पुत्र शिवकुमार के साथ आरोपियों ने एक राय होकर गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से मारपीट की। गंभीर चोट लगने के कारण रामसनेही की मौत हो गई। मामले में मृतक की बहन की तहरीर पर 5 अक्टूबर को थाना शिवली में मुकदमा दर्ज किया गया था।
बुधवार को थाना शिवली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम भटुवामऊ क्रासिंग के पास से रामस्वरूप, उसकी पत्नी राम कुमारी, पुत्री प्रिया और रीना को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही दो बाल अपचारियों को पुलिस संरक्षण में लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों और बाल अपचारियों की निशानदेही पर जुरावरपुर व बलुवापुर गांव जाने वाले खड़ंजे से हत्या में प्रयुक्त दो डंडे और दो लोहे के पाइप बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है, जबकि बाल अपचारियों के विरुद्ध किशोर न्याय बोर्ड के नियमों के अनुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।













