सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जैनपुर में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर आयोजित

 

लगभग 500 श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, वितरित की गईं दवाइयां

श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी, उत्कृष्ट कर्मचारियों को किया गया सम्मानित

कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों तथा जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में संचालित “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत कानपुर देहात में संगठित एवं असंगठित श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु आज मेसर्स सुप्रीम इंडस्ट्रीज लिमिटेड, जैनपुर में वृहद स्तर पर “श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ पूर्वाह्न 11:00 बजे किया गया, जिसमें लगभग 500 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर सहायक श्रमायुक्त कानपुर देहात राम अशीष ने श्रमिकों को संबोधित करते हुए श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने उपस्थित श्रमिकों को उत्तर प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया तथा श्रमिक हित में संचालित योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।
शिविर में मुख्य चिकित्साधिकारी, कानपुर देहात द्वारा गठित चिकित्सकीय दलों ने श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों ने आवश्यकतानुसार दवाइयों का वितरण करते हुए श्रमिकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं सुझाव भी प्रदान किए।
कार्यक्रम के दौरान श्रम विभाग एवं प्रबंधन द्वारा प्रतिष्ठान के कुशल, मेहनती एवं निष्ठावान कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्रमिकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें कार्यस्थल पर सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं उत्पादकता के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
शिविर में सुरेश सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अकबरपुर, राजेश श्रीवास्तव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी डेरापुर, सुनील कुमार, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, ऐश्वर्य त्रिपाठी एवं भूपेन्द्र नाथ, पी.सी.सी., कानपुर देहात सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं प्रबंधन की ओर से उपमहाप्रबंधक विकास कुमार, भरत यादव तथा अन्य प्रबंधन कार्मिकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में सहायक श्रमायुक्त राम अशीष ने उपस्थित अतिथियों, अधिकारियों, चिकित्सकीय टीम तथा प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं कल्याण के लिए ऐसे कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें