सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत रनियां स्थित औद्योगिक इकाई में आयोजित हुआ वृहद स्वास्थ्य शिविर
श्रम विभाग ने श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी, उत्कृष्ट कर्मचारियों को किया सम्मानित
कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों तथा जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद कानपुर देहात में संगठित एवं असंगठित श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु मंगलवार को मेसर्स कानपुर एडविल प्रा.लि., रनियां में “श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर” का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ पूर्वाह्न 11:00 बजे हुआ, जिसमें लगभग 650 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
इस अवसर पर सहायक श्रमायुक्त राम अशीष ने श्रमिकों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिकाधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ पात्र श्रमिकों तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी की जिलाध्यक्ष रेणुका सचान तथा जिला उपाध्यक्ष अंशू तिवारी रहे। अतिथियों ने उपस्थित श्रमिकों को राज्य सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने तथा अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित चिकित्सकीय दलों ने श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयों का वितरण किया तथा बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप परीक्षण एवं अन्य चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के दौरान प्रबंधन तंत्र एवं श्रम विभाग द्वारा प्रतिष्ठान के कुशल, निष्ठावान एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
शिविर में प्रमुख रूप से सुरेश सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी अकबरपुर, राजेश श्रीवास्तव, श्रम प्रवर्तन अधिकारी डेरापुर, सुनील सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी; ऐश्वर्य त्रिपाठी, सिद्धार्थ (पीसीसी), कानपुर देहात सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रबंधन की ओर से महाप्रबंधक मनोज शर्मा, एचआर मैनेजर सोनू तिवारी, अमित देव सिंह, अंशुल ओमर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सहायक श्रमायुक्त राम अशीष ने सभी अतिथियों, चिकित्सकीय दल, श्रमिकों एवं प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए शिविर के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।













