पुरानी रंजिश और साझी दीवार के विवाद में खूनी संघर्ष, युवक की मौत; छह आरोपी हिरासत में

 

कानपुर देहात। शिवली थाना क्षेत्र के जुरावरपुर गांव में पुरानी रंजिश और साझी दीवार को लेकर दो पारिवारिक पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। इसी को लेकर बीती रात कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि युवक पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग युवक के गले में रस्सी डालकर उसे घसीटते और पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की पुलिस जांच कर रही है।

युवक की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की बहन रजनी ने शिवली थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला दो पारिवारिक पक्षों के बीच साझी दीवार को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ के साथ-साथ वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है। घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने गांव में स्थिति पर नजर बनाए रखी है और मामले की जांच जारी है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें