कानपुर देहात। थाना मंगलपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर 2026 को पीड़िता के परिजन ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रिश्तेदार लोकेश उर्फ लवकुश बाथम निवासी गोविंद नगर, औरैया, नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले गया और उसके साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर के आधार पर थाना मंगलपुर में संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना के दौरान दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी लोकेश उर्फ लवकुश बाथम को थाना परिसर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 30 वर्ष है। उसके खिलाफ औरैया जनपद के कोतवाली थाने में पूर्व में भी दो मुकदमे दर्ज हैं।















