गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर आयोजित वाक रेस प्रतियोगिता को जिलाधिकारी ने दिखाई हरी झंडी, किया पुरस्कृत

कानपुर देहात। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, माती में बालक एवं बालिका वर्ग की वाक रेस (पैदल चाल) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य तथा अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिग्विजय सिंह की उपस्थिति में प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर किया।
प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं खेल संस्थानों से जुड़े बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक ऊर्जा का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर जिलाधिकारी ने विजेता प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का भी विकास करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी, जिला युवा अधिकारी प्रिया तिवारी सहित खेल विभाग के प्रशिक्षक, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें