स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता एवं सर्वश्रेष्ठ मां पुरस्कार के प्रतिभागियों को जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित।
कानपुर देहात। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)दुष्यंत कुमार मौर्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 जयगोविन्द तथा प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज की उपस्थिति में जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर ट्रायेज इमरजेंसी (आपातकालीन प्राथमिकता निर्धारण कक्ष), लैक्टेशन मैनेजमेंट यूनिट (स्तनपान प्रबंधन इकाई) एवं मैटरनल एचडीयू (मातृ उच्च निर्भरता इकाई) का फीता काटकर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने नवस्थापित स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा इन सुविधाओं के शुरू होने से गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं एवं माताओं को बेहतर उपचार एवं देखभाल उपलब्ध हो सकेगी।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता एवं सर्वश्रेष्ठ मां पुरस्कार के प्रतिभागियों को जिलाधिकारी द्वारा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों, जागरूकता एवं स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि शिशु एवं मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाली प्रत्येक महिला एवं शिशु को बेहतर, सुरक्षित और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उपचार व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, सुलभ एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं के सतत उन्नयन के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, आशा, आंगनबाड़ी, लाभार्थी महिलाएं एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।














