जिलाधिकारी ने खादी उत्पादों की खरीद कर दिया स्वदेशी अपनाने का संदेश।
कानपुर देहात। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिलाधिकारी कपिल सिंह ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दुष्यंत कुमार मौर्य की उपस्थिति में स्वराज आश्रम खादी भंडार, अकबरपुर पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने महात्मा गांधी जी के स्वदेशी, आत्मनिर्भरता एवं ग्रामोद्योग संबंधी विचारों को स्मरण करते हुए कहा कि खादी केवल एक वस्त्र नहीं, बल्कि देश की आत्मनिर्भरता, स्वावलंबन और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग उत्पादों को अपनाकर हम स्थानीय कारीगरों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी कपिल सिंह ने खादी भंडार से वस्त्र एवं अन्य खादी उत्पादों की खरीदारी की तथा आमजन को भी खादी एवं स्वदेशी उत्पादों के अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी जी के स्वदेशी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में खादी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी महात्मा गांधी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। इस मौके पर जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी अखिलेश अग्निहोत्री, तहसीलदार अकबरपुर पवन कुमार सहित खादी भण्डार के कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।














