जिला स्तरीय ट्रायल के माध्यम से बालिका बास्केटबॉल एवं महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता हेतु खिलाड़ियों का होगा चयन

कानपुर देहात। खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में जनपद कानपुर देहात में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं हेतु खिलाड़ियों के चयन के लिए जिला एवं मंडल स्तरीय ट्रायल का आयोजन किया जाएगा। जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात द्वारा जारी सूचना के अनुसार इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर ट्रायल में प्रतिभाग कर सकते हैं।
जिला क्रीड़ाधिकारी नीलम सिद्दीकी ने बताया कि प्रदेश स्तरीय समन्वय सब-जूनियर बालिका बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 30 सितम्बर 2026 को प्रातः 8:00 बजे जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात में आयोजित किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी उसी दिन अपराह्न 3:00 बजे ग्रीनपार्क स्टेडियम, कानपुर में आयोजित मंडल स्तरीय ट्रायल में प्रतिभाग करेंगी। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 08 से 11 अक्टूबर 2026 तक कानपुर देहात में किया जाएगा।
इसी प्रकार प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल 01 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8:00 बजे जिला खेल कार्यालय, कानपुर देहात में आयोजित होगा। इसके उपरांत मंडल स्तरीय ट्रायल 03 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे ग्रीनपार्क स्टेडियम, कानपुर में संपन्न कराया जाएगा। चयनित खिलाड़ी 06 से 09 अक्टूबर 2026 तक झांसी में आयोजित प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
जिला क्रीड़ाधिकारी ने जनपद के इच्छुक खिलाड़ियों से अपील की है कि वे नगर निगम द्वारा जारी जन्मतिथि प्रमाण-पत्र एवं आधार कार्ड के साथ निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर ट्रायल में प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने एवं राज्य स्तर पर जनपद का प्रतिनिधित्व करने का यह एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसका अधिक से अधिक खिलाड़ी लाभ उठाएं।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें