कानपुर देहात। सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत विकासखंड अकबरपुर में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार प्रतिभा शुक्ला ने की। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र शहबाजपुर और नसरतपुर पहुंचकर विभागीय योजनाओं की जानकारी ली और उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया।राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने दोनों केंद्रों पर आयोजित हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में चयनित बच्चों को प्रमाणपत्र वितरित किए। साथ ही दो-दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। उन्होंने उपस्थित करीब 40 लोगों को महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, पोषण, स्वास्थ्य और मातृ-शिशु देखभाल से संबंधित जानकारी सरल भाषा में दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मां और सुपोषित बच्चे के लिए परिवार एवं समाज की जागरूकता बेहद जरूरी है। इसके बाद विकासखंड अकबरपुर परिसर स्थित सभागार में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां राज्यमंत्री ने परियोजना अकबरपुर के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में शुभ, मोहन, लक्ष्मी और हयाद का अन्नप्राशन कराया गया, जबकि गर्भवती महिलाओं शिवानी, सविता, शिल्पी और सायिदा की गोदभराई की गई। कार्यक्रम में मौजूद करीब 180 लोगों को राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने पोषण, स्वास्थ्य, महिला कल्याण तथा बाल विकास से जुड़ी विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं और बच्चों तक पहुंचाने तथा कुपोषण के खिलाफ निरंतर जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख आशीष मिश्रा, मण्डल अध्यक्ष आशीष दीक्षित, बउवा पाण्डेय, हरीश राठौर, प्रवीण सिंह, विनय शुक्ला, विष्णु मोहन दीक्षित सहित शहर स्लम परियोजना से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, लाभार्थी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।















