फैक्ट्री के पानी से दलित बस्ती में जलभराव, कई मकानों को नुकसान; राघव अग्निहोत्री ने मौके पर पहुंचकर की मदद

 

सरवनखेड़ा, कानपुर देहात। भोगनीपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम हिम्मापुरवा की दलित बस्ती में नवीपुर फैक्ट्री की ओर से आए पानी के कारण भारी जलभराव हो गया। पानी कई घरों में घुस गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के चलते रमेश संखवार के मकान की दीवार गिर गई, जिसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री को फोन कर मदद की गुहार लगाई।

सूचना मिलते ही राघव अग्निहोत्री अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ित रमेश संखवार समेत अन्य प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की।

राघव अग्निहोत्री ने मौके से उपजिलाधिकारी अकबरपुर एवं खंड विकास अधिकारी से फोन पर वार्ता कर प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने जालौन-गरौठा-भोगनीपुर सांसद नारायण दास अहिरवार को भी पूरी समस्या से अवगत कराया। सांसद ने संबंधित सक्षम अधिकारियों से वार्ता कर मामले की जांच कराने तथा जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, उन्हें शासन की योजनाओं के तहत आवास उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

राघव अग्निहोत्री ने जिलाधिकारी से भी अनुरोध किया कि नवीपुर की ओर से आने वाले पानी को रोकने की तत्काल व्यवस्था की जाए। उन्होंने बताया कि बस्ती के पास बनी पुलिया बंद होने के कारण पानी आगे नहीं निकल पा रहा है, जिससे जलभराव की स्थिति और गंभीर हो गई है।

बताया गया कि विवेक वाल्मीकि, अमित सोनकर, दशरथ वाल्मीकि, बामन सिंह यादव और छोटे सोनकर समेत कई लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा है। वहीं मुहाना क्षेत्र के बलराम मिश्रा का मकान भी बारिश के कारण गिर गया।

इस मौके पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव काशिफ खान, श्याम जी शर्मा, राजेश शर्मा, रमेश संखवार, उदयपाल सहित अन्य ग्रामीण एवं पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें