कानपुर देहात। मैथा तहसील क्षेत्र के ग्राम जसापुरवा में मंगलवार को अतिवृष्टि के चलते हादसा हो गया। लगातार बारिश के कारण एक आवासीय मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। छत के मलबे में दबकर अपनी नानी के घर आई सात माह की मासूम शाम्भवी पुत्री शिवांशु, निवासी कनौली पट्टी, जनपद कन्नौज की मृत्यु हो गई। हादसे में चार अन्य लोग घायल हो गए। अचानक छत गिरने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने आनन-फानन मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में भिक्खुलाल (75), उनकी पत्नी सोमवती (75), मृतका की माता शिखा पत्नी शिवांशु (30) एवं पारिवारिक बहन शगुन (17) घायल हो गईं। सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी शिवली में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मासूम की मृत्यु की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलते ही राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ग्राम जसापुरवा पहुंचीं और घायलों का हाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर मासूम की मृत्यु पर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा चिकित्सकों से वार्ता कर घायलों को बेहतर एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाते हुए मौके पर मौजूद उपजिलाधिकारी प्रतिभा मिश्रा से वार्ता की और परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता एवं अन्य अनुमन्य लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।









