अवैध पार्किंग और नियमविरुद्ध ऑटोरिक्शा संचालन के खिलाफ चला सघन चेकिंग अभियान

 

कचहरी मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए परिवहन विभाग की कार्रवाई, तीन ऑटोरिक्शा निरुद्ध

जालौन में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार के नेतृत्व में अनफिट, अपूर्ण प्रपत्रों वाले तथा अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वाले ऑटोरिक्शा के विरुद्ध विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कचहरी के मुख्य मार्ग पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े कर जाम की स्थिति उत्पन्न करने वाले तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई। चेकिंग के दौरान सड़क पर अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के साथ ही मार्ग से गुजरने वाले अन्य वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, परमिट एवं ड्राइविंग लाइसेंस सहित आवश्यक प्रपत्रों की गहनता से जांच की गई। अमान्य अथवा नियमविरुद्ध प्रपत्र पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 03 ऑटोरिक्शा वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए उन्हें औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी, उरई में निरुद्ध किया गया। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से सार्वजनिक मार्गों पर अनधिकृत पार्किंग एवं यातायात बाधित करने वाले वाहन चालकों में अनुशासन का संदेश गया। सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश कुमार ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर अवैध पार्किंग तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें तथा वाहन के सभी आवश्यक प्रपत्र वैध रखें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग मिल सके।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें