कानपुर देहात में श्रावण मास के चारों सोमवार और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए की गई पुलिस और यातायात व्यवस्था की मंदिर समितियों एवं संभ्रांत लोगों ने सराहना की। 28 अगस्त को रसूलाबाद के श्री धर्मगढ़ बाबा मंदिर और शिवली के श्री जागेश्वर महाराज मंदिर समिति के सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय से मुलाकात कर आभार जताया।
समिति के सदस्यों ने बताया कि कांवड़ मार्गों पर 24 घंटे पुलिस ड्यूटी, मोबाइल एवं पिकेट व्यवस्था, रेनकोट और रिफ्लेक्टर जैकेट के साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा भारी वाहनों के डायवर्जन से श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिला। बारिश और प्रतिकूल मौसम के बावजूद पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी पर मुस्तैद रहे।
मंदिर समितियों ने पुलिस की सतर्कता, अनुशासन और बेहतर यातायात प्रबंधन की प्रशंसा की। इस दौरान पुलिस अधीक्षक को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं भी दी गईं। पुलिस अधीक्षक ने सभी का आभार जताते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।












