फर्जी बैंक गारंटी प्रस्तुत करने वाली चार फर्मों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई

 

जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशों पर चार फर्मों को जेम पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट करने एवं एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई

कानपुर देहात। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा मैन पावर आउटसोर्सिंग सर्विसेज के माध्यम से नियुक्ति के संबंध में अनुमोदन हेतु पत्रावली जिलाधिकारी कपिल सिंह के समक्ष प्रस्तुत की गई थी। पत्रावली के साथ उपलब्ध कराए गए दस्तावेजों में प्रदर्शित बैंक ईएमडी/एफडीआर के संबंध में जिलाधिकारी को संदेह होने पर उनके द्वारा जिला अग्रणी प्रबंधक तथा उपायुक्त, राज्य कर से बैंक गारंटी का सत्यापन कराया गया। सत्यापन किए जाने पर चार फर्मों द्वारा प्रस्तुत बैंक ईएमडी/एफडीआर फर्जी एवं कूटरचित पाई गईं। सत्यापन में M/s Weaversoft Solutions Private Limited, 101&C Sanjay Gandhi Puram, Faizabad Road, Lucknow; M/s SBNK Enterprises, Plot No-123, Sanjay Gandhi Puram, Lucknow; M/s AS Infratech, C-4/14, Shulabh Awas, Gomti Nagar Vistar, Uttar Pradesh तथा M/s Gangotri Manpower & Security Agency, 554-A Gangotri Tower, Meerut Road, Ist Floor, Karnal द्वारा प्रस्तुत बैंक ईएमडी/एफडीआर फर्जी पाई गई। प्रकरण में जिलाधिकारी कपिल सिंह द्वारा मुख्य विकास अधिकारी तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबंधित फर्मों को जेम पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट किए जाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ फर्जी एवं कूटरचित बैंक ईएमडी/एफडीआर प्रस्तुत करने के संबंध में विधिक कार्रवाई(एफआईआर)किए जाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में संबंधित चारों फर्मों को जेम पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की गई तथा भारतीय न्याय संहिता, 2023 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) दर्ज कर विधिक कार्रवाई प्रारंभ की गई। जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि शासकीय कार्यों एवं नियुक्ति प्रक्रियाओं में फर्जी अथवा कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत करने को किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले फर्मों अथवा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें