जिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक स्वच्छता अभियान संचालित—प्रतिदिन फोटोग्राफ के माध्यम से होगी निगरानी
विद्यालयों में चला विशेष सघन सफाई अभियान, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाने पर जोर
कानपुर देहात। जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देश एवं मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल के नेतृत्व में विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विशेष सघन सफाई अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत विद्यालय परिसरों, शौचालयों एवं बाहरी परिसर की व्यापक साफ-सफाई कराते हुए विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अभियान के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यालयों का निरीक्षण कर साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया गया तथा विद्यालय परिसर में जमा कूड़ा-कचरा, अनावश्यक झाड़ियों एवं अन्य गंदगी को हटाकर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित कराया गया। शौचालयों की विशेष रूप से सफाई कराते हुए स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। जिला पंचायत राज अधिकारी विकास पटेल द्वारा समस्त सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को निर्देशित किया गया है कि 21 से 24 अगस्त 2026 तक जनपद के सभी ग्राम पंचायतों, राजस्व ग्रामों एवं मजरों में संचालित प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में विशेष सफाई अभियान प्रभावी रूप से जारी रखा जाए। अभियान के दौरान कराए गए सफाई कार्यों की प्रतिदिन फोटोग्राफ के माध्यम से निगरानी एवं अनुश्रवण सुनिश्चित किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अभियान के दौरान किसी भी विद्यालय में साफ-सफाई की व्यवस्था में लापरवाही न हो तथा विद्यालय परिसर एवं शौचालयों की स्वच्छता नियमित रूप से बनाए रखी जाए। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में प्रशासन द्वारा विद्यालयों में स्वच्छ एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अभियान की निरंतर निगरानी की जा रही है।












