प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित

 

उरई। सहायक निदेशक मत्स्य गिरीश त्रिपाठी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2020-21 से संचालित प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना (PMMSY) के अंतर्गत जनपद जालौन में विभिन्न परियोजनाओं हेतु लाभार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जा रहे हैं। इच्छुक पात्र लाभार्थी विभागीय पोर्टल http://fisheries.up.gov.in पर दिनांक 14 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत उपलब्ध लक्ष्य के सापेक्ष पात्र लाभार्थियों को विभिन्न परियोजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। इनमें खारे जल में तालाब निर्माण एवं निवेश (सामान्य, महिला एवं अनुसूचित जाति), मध्याकार आर.ए.एस. यूनिट (सामान्य वर्ग), रियरिंग यूनिट निर्माण (महिला एवं अनुसूचित जाति), बैकवर्ड आर.ए.एस. यूनिट (महिला वर्ग), जलाशयों में मत्स्य अंगुलिका संचय (सामान्य, महिला एवं अनुसूचित जाति) तथा पारंपरिक मछुआरों के परिवारों के लिए आजीविका एवं पोषण संबंधी सहायता जैसी परियोजनाएं सम्मिलित हैं।
सहायक निदेशक मत्स्य द्वारा बताया गया कि इच्छुक आवेदक निर्धारित पात्रता एवं शर्तों के अनुसार विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। परियोजनाओं का विवरण, इकाई लागत, पात्रता, आवेदन की प्रक्रिया तथा आवेदन के साथ संलग्न किए जाने वाले आवश्यक अभिलेखों की विस्तृत जानकारी विभागीय पोर्टल पर उपलब्ध है।
उन्होंने जनपद के पात्र मत्स्य पालकों, मछुआरों, महिलाओं, अनुसूचित जाति एवं पारंपरिक मछुआरा परिवारों से अपील की कि वे निर्धारित अंतिम तिथि 24 अगस्त 2026 से पूर्व ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ प्राप्त करें।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक मार्गदर्शन के लिए कार्यालय सहायक निदेशक मत्स्य, जालौन में संपर्क किया जा सकता है।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें