कानपुर देहात। थाना गजनेर पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एलईडी टीवी, सीपी प्लस का डीवीआर, क्षतिग्रस्त टीएफटी, इन्वर्टर, घटना में प्रयुक्त ऑटो और 3,200 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त को ग्राम कीरतपुर (बिलसराया) स्थित राहुल शुक्ल मेमोरियल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य रामनरेश यादव की तहरीर पर थाना गजनेर में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम जांच और संदिग्धों की तलाश में जुटी थी।
इसी दौरान 19 अगस्त को सरवनखेड़ा-रनियां मार्ग पर ग्राम पामा के पास मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विमल कुमार, संतोष पासी उर्फ प्रधान, मुनीष और गोलू शर्मा के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दोस्त हैं और अपने शौक पूरे करने के लिए स्कूलों तथा सुनसान पड़े मकानों में चोरी करते थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 25/26 जुलाई की रात बिलसराया स्थित स्कूल से सामान चोरी किया था। चोरी की दो बैटरियां तोड़कर कबाड़ी को 20 हजार रुपये में बेचने और रकम आपस में बांटने की बात भी आरोपियों ने स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी का बचा हुआ सामान बेचने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनके ऑटो की गैस खत्म हो गई और वाहन बंद हो गया, जिसके कारण वे रास्ते में रुक गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार आरोपियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।














