15 साल से जर्जर सड़क पर ग्रामीणों का धरना, ज्ञापन के बाद भी सड़क निर्माण का इंतजार

कानपुर देहात। भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के कीरतपुर गांव में करीब 400 मीटर मुख्य सड़क पिछले 15 वर्षों से बदहाल पड़ी है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण को लेकर एसडीएम से लेकर जिलाधिकारी तक कई बार शिकायत की गई, धरना-प्रदर्शन कर ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों के मुताबिक अप्रैल माह में माती मुख्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरना देकर ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बाद मई में भी जिलाधिकारी से मुलाकात कर सड़क निर्माण की मांग की गई। अधिकारियों के आश्वासन पर गांव में सड़क का सर्वे और नाप-जोख भी कराई गई तथा एस्टीमेट तैयार होने की बात कही गई, लेकिन इसके बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ।
मंगलवार को कांग्रेस किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित यादव ग्रामीणों के साथ जर्जर सड़क पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की गई। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों से ज्ञापन लेकर समस्या के जल्द निदान का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि 15 वर्षों से सड़क की बदहाली के कारण उन्हें लगातार परेशानी झेलनी पड़ रही है। अब ग्रामीण आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क का जल्द निर्माण चाहते हैं।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें