80वें स्वतंत्रता दिवस पर मेडिकल कॉलेज में आईपीएचएल प्रयोगशाला, वेबसाइट एवं चैटबॉट का शुभारंभ

 

जिलाधिकारी ने मरीजों को मिष्ठान फल वितरित कर उनका हाल-चाल जाना तथा स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।

कानपुर देहात। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट  कपिल सिंह ने मेडिकल कॉलेज, अकबरपुर पहुंचकर आईपीएचएल प्रयोगशाला, वेबसाइट,चैटबॉट का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने चिकित्सा सेवाओं एवं सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना तथा उन्हें मिष्ठान एवं फल वितरित किए। उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस अवसर पर कन्या जन्मोत्सव भी मनाया गया तथा नवजात कन्या के परिवार को शुभकामनाएं दी गईं।
जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज परिसर में ऑपरेशन थिएटर सहित विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, व्यवस्थाओं एवं मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली तथा चिकित्सा सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी  कपिल सिंह ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, मरीजों एवं उनके परिजनों सहित जनपदवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा मरीजों को समयबद्ध, सुगम एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए मरीजों के साथ संवेदनशील एवं मानवीय व्यवहार रखने तथा उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का आह्वान किया। जिलाधिकारी द्वारा उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले चिकित्सकों, नर्स आदि को सम्मानित किया गया।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें