
कानपुर देहात। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट कपिल सिंह ने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित वृद्धाश्रम, रनिया पहुंचकर वृद्धजनों से भेंट की। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों को मिष्ठान एवं फल वितरित किए तथा उनसे संवाद कर उनका हाल-चाल जाना।
जिलाधिकारी ने वृद्धजनों से उनकी दिनचर्या, स्वास्थ्य एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली और उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने वृद्धजनों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और आशीर्वाद से समाज को निरंतर मार्गदर्शन मिलता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वृद्धजनों की सुविधाओं एवं आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखने तथा उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन एवं जिला प्रशासन द्वारा समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। वृद्धजनों की देखभाल, सम्मान एवं उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









