कानपुर देहात। थाना गजनेर पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर के चोरी किए गए तीन पीली धातु के घंटे और ₹800 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अखिलेश पुत्र जयनरायण तिवारी, निवासी ग्राम उस्मानपुर जमरेही, थाना गजनेर, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना गजनेर में चोरी से संबंधित दो मुकदमे दर्ज थे और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 15 अगस्त 2026 को आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 10 अगस्त की रात गांव स्थित पुराने भोले शंकर मंदिर से घंटे चोरी किए थे और उन्हें मूसानगर बाजार में बेचने जा रहा था। बरामद ₹800 के संबंध में भी आरोपी ने जुलाई में पावर प्लांट से कॉपर के तार चोरी कर बेचने की बात बताई।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर दोनों मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।









