पुखरायां, कानपुर देहात। समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने शनिवार को भोगनीपुर विधानसभा क्षेत्र के दर्जनों गांवों का तूफानी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों एवं वरिष्ठ पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राघव अग्निहोत्री समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष लाखन सिंह यादव जी के स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने ध्वजारोहण कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर लाखन सिंह यादव जी ने उपस्थित सभी लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम लोग स्वतंत्रता दिवस का 80वां पर्व मना रहे हैं। हमें आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलानी चाहिए और देश की उन्नति में अपना योगदान देना चाहिए।
वहीं समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष राघव अग्निहोत्री ने भी सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
दौरे के दौरान राघव अग्निहोत्री ग्राम पुरंदर पहुंचे, जहां पिछले दिनों लंबी बीमारी के चलते विनय तिवारी के निधन पर उनके पैतृक आवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता परिवार के साथ खड़े हैं।
इसके बाद उन्होंने पुखरायां निवासी समाजसेवी एवं ब्राह्मण समाज के संस्थापक मनोज मिश्रा जी के निधन पर उनके निज निवास पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उनके पुत्र को ढांढस बंधाते हुए अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
वहीं ग्राम प्रेमपुर में विद्युत विभाग की लापरवाही के चलते हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से किसान दुर्गा प्रसाद यादव जी की हुई मौत पर भी राघव अग्निहोत्री उनके आवास पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव मदद का प्रयास किया जाएगा।
राघव अग्निहोत्री ने कहा कि प्रेमपुर में नीचे लटक रहे विद्युत तारों की समस्या को लेकर जल्द ही जिलाधिकारी, कानपुर देहात से मुलाकात कर शिकायत की जाएगी, ताकि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
दौरे के दौरान गोविंद तिवारी, चंद्रेश तिवारी, उत्तम ठाकुर, अखिलेश यादव, दीपू यादव, रमाकांत द्विवेदी सहित कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।









