जन शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर
नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देशकानपुर देहात।
कानपुर देहात। प्रभारी मंत्री, मत्स्य विभाग, उत्तर प्रदेश एवं प्रभारी मंत्री डाॅ. संजय कुमार निषाद की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित माॅं मुक्तेश्वरी देवी सभागार कक्ष में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की गई। बैठक में विधायक रसूलाबाद पूनम संखवार, जिलाध्यक्ष भाजपा रेणुका सचान, जिलाध्यक्ष निषाद पार्टी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अमित कुमार सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में प्रभारी मंत्री ने विद्युत विभाग को जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ढीले विद्युत तारों को दुरुस्त कराने, रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, निर्धारित समयावधि में ट्रांसफार्मर बदलने तथा विद्युत बिल संबंधी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नलकूप विभाग को जनपद के सभी नलकूपों को संचालित रखने तथा शासन के निर्देशानुसार किसानों को पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रभावी कानून व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने तथा जनता की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, समय-समय पर टीकाकरण कराने तथा अस्पतालों का समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने को कहा। जिला चिकित्सालय में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रभारी मंत्री ने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए नगर निकायों को एंटी-लार्वा का छिड़काव, फॉगिंग एवं विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। सार्वजनिक शौचालयों एवं मलिन बस्तियों में नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी को सार्वजनिक भवनों, विद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर रोस्टर के अनुसार नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। कृषि विभाग को किसानों के प्रशिक्षण, खाद-बीज की पर्याप्त उपलब्धता तथा विभागीय योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए। मत्स्य विभाग को विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा गया। शिक्षा विभाग को सभी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने तथा समय-समय पर विद्यालयों का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत अवशेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए गए। वन विभाग को रोपित पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान देने तथा सूखे पौधों को प्रतिस्थापित करते हुए नए पौधे लगाने के निर्देश दिए गए। माध्यमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने सभी विद्यालयों में साइंस लैब का प्रभावी संचालन सुनिश्चित कराने, शिकायत पेटिका स्थापित कराने, युवाओं से संवाद करने तथा पात्र छात्र-छात्राओं को शासन की योजनाओं एवं छात्रवृत्ति सहित अन्य लाभकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए विकास कार्यों को गति प्रदान की जाए तथा पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाया जाए। बैठक के अंत में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए समस्त निर्देशों का संबंधित विभागों द्वारा समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिग्विजय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. जयगोविन्द, जिला विकास अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।









