कानपुर देहात में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना देवराहट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छह माह से वांछित चल रहे ₹25 हजार के पुरस्कार घोषित अपराधी सुरजीत सिंह को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, सुरजीत सिंह थाना भोगनीपुर में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था। न्यायालय द्वारा उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। काफी प्रयासों के बावजूद गिरफ्तारी न होने पर पुलिस अधीक्षक द्वारा उस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
देवराहट पुलिस टीम ने 13 अगस्त को सुरागसी और पतारसी के आधार पर गौरी मोड़, थाना देवराहट क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भोगनीपुर, सट्टी और राजपुर थानों में चोरी समेत विभिन्न धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।









