कानपुर देहात के सात थानों में ई-मालखाना व्यवस्था शुरू

कानपुर देहात में पुलिसिंग को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की दिशा में ई-मालखाना व्यवस्था की शुरुआत की गई है।  अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र यमुना प्रसाद की मौजूदगी में ई-मालखाना का उद्घाटन किया।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में जिले के सात थानों—अकबरपुर, रूरा, शिवली, मूसानगर, देवराहट, डेरापुर और मंगलपुर—में ई-मालखाना व्यवस्था तैयार कर संचालित की गई है।
इस व्यवस्था के तहत थानों में रखे माल को डिजिटल तरीके से व्यवस्थित और वर्गीकृत किया गया है। इसमें माल मुकदमाती, माल कुर्की, जामा तलाशी, लावारिस और लादावा समेत अलग-अलग श्रेणियां बनाई गई हैं। डैशबोर्ड के जरिए थाने में मौजूद माल की संख्या और माल मुकदमाती का कैश, सोना-चांदी, एंटीक, शस्त्र, एनडीपीएस, इलेक्ट्रॉनिक सामान और दस्तावेजों का विवरण दर्ज किया जा सकेगा।
माल को वर्षवार रैक और सब-रैक में व्यवस्थित किया गया है। अपराध संख्या दर्ज करने पर संबंधित माल के रैक की जानकारी मिल सकेगी। वहीं क्यूआर कोड स्कैन करते ही बॉक्स में रखे माल का पूरा विवरण, मुकदमा संख्या और विवेचक की जानकारी तत्काल प्राप्त हो जाएगी।
पुलिस के अनुसार, इस डिजिटल व्यवस्था से मालखाने के अभिलेखीकरण, वर्गीकरण और रख-रखाव में पारदर्शिता आएगी तथा किसी भी माल की पहचान और उसकी लोकेशन का पता आसानी से लगाया जा सकेगा।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें