लाइन लॉस कम करने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 15 दिन में सुधार के निर्देश

 

हाई लाइन लॉस फीडरों पर चलेगा सघन अभियान, कटिया कनेक्शनों की जांच के साथ शत-प्रतिशत मीटरिंग पर जोर

 जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुए हाई लाइन लॉस वाले फीडरों पर प्रभावी कार्रवाई कर विद्युत लाइन लॉस में कमी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लाइन लॉस को निर्धारित मानकों के अनुरूप लाना प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने सरावन, करमेर रोड (गल्ला मंडी पोषक) एवं जालौन के हाई लाइन लॉस फीडरों की विशेष समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना बनाकर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में कटिया कनेक्शनों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया जाए तथा अनियमित विद्युत उपभोग पाए जाने पर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लाइन लॉस में वास्तविक कमी लाई जा सके। उन्होंने निर्देशित किया कि हाउसहोल्ड के आधार पर विशेष विद्युत शिविर आयोजित कर पात्र उपभोक्ताओं को नए विद्युत संयोजन उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही विद्युत शिविर लगाकर उपभोक्ताओं की खराब अथवा त्रुटिपूर्ण विद्युत बिल संबंधी शिकायतों का तत्काल समाधान कराया जाए, जिससे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो। जिलाधिकारी ने अनमीटर्ड विद्युत संयोजनों तथा खराब मीटरों को शत-प्रतिशत मीटरयुक्त किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर विद्युत मीटर खराब हैं, वहां तत्काल नए मीटर लगाए जाएं। इसके साथ ही खराब विद्युत परिवर्तकों (ट्रांसफार्मरों) की जांच कराकर आवश्यकतानुसार उन्हें शीघ्र बदलने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्ययोजना के सभी बिंदुओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए आगामी 15 दिनों में हाई लाइन लॉस फीडरों में स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर कार्यों की वास्तविक स्थिति की निगरानी करने तथा अभियान की प्रभावी मॉनीटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश, शत-प्रतिशत मीटरिंग, खराब मीटर एवं परिवर्तकों को बदलने तथा उपभोक्ताओं की बिल संबंधी समस्याओं के त्वरित निस्तारण से ही लाइन लॉस में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समन्वित एवं समयबद्ध ढंग से अभियान चलाकर निर्धारित अवधि में अपेक्षित परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, अधीक्षण अभियंता योगेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता जितेंद्र नाथ आदि सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें