सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, रॉन्ग साइड और तेज रफ्तार पर चलेगा व्यापक अभियान

 

अवैध कट, सड़क किनारे निर्माण सामग्री व अतिक्रमण पर संयुक्त कार्रवाई के निर्देश, दोबारा अवैध कट खोलने वालों पर अवैध कट बंद करके एनएचएआई दर्ज कराए एफआईआर

जालौन में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक की कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि रॉन्ग साइड वाहन चलाने, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट चारपहिया वाहन चलाने तथा निर्धारित सीमा से अधिक गति से वाहन संचालित करने वालों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि केवल चालान की कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाए, ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार विकसित हो। जिलाधिकारी ने एनएचएआई एवं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर बने सभी अवैध कटों को तत्काल चिन्हित कर बंद कराया जाए। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि बंद किए गए अवैध कट को यदि किसी व्यक्ति द्वारा पुनः खोला जाता है तो उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध कट दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं, इसलिए इस मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दास्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट, अधिशासी अधिकारियों, लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के किनारे बालू, ईंट, गिट्टी एवं अन्य निर्माण सामग्री रखकर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध संयुक्त अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई की जाए। अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ सड़क पर रखी निर्माण सामग्री को जब्त कर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए, ताकि सार्वजनिक मार्गों पर आवागमन बाधित न हो और दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके।जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर खराब अथवा निष्क्रिय अवस्था में खड़े वाहनों को भी तत्काल हटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क पर लंबे समय तक खड़े ऐसे वाहन दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं और यातायात की सुगमता प्रभावित करते हैं। संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि ऐसे वाहनों को तत्काल हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए। शहरी क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने के लिए नगर निकायों को अवैध होर्डिंग, बैनर एवं अन्य अवैध विज्ञापन सामग्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सार्वजनिक मार्गों पर लगाए गए अवैध होर्डिंग एवं बैनर दृश्यता को प्रभावित करने के साथ-साथ यातायात व्यवस्था के लिए भी खतरा उत्पन्न करते हैं। ऐसे मामलों में अवैध सामग्री हटाने के साथ संबंधित व्यक्तियों से नियमानुसार जुर्माना भी वसूल किया जाए।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े अपने-अपने दायित्वों का पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के मामलों में यदि किसी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता पाई गई तो संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षित एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था केवल एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी संबंधित विभागों की साझा जिम्मेदारी है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनपद में सड़क दुर्घटनाओं को न्यूनतम करने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाएं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी एच.एन. प्रसाद, सीओ राजीव शर्मा, अधिशासी अभियंता सुनील कुमार, अमित सक्सेना, महेन्द्र सिंह, एआरटीओ सौम्या पाण्डेय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Jansan Desh 24
Author: Jansan Desh 24

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें